नई दिल्ली (वार्ता)। सऊदी अरब में बंधक बनाए गए 29 भारतीय मजदूरों के परिजनों के लिए राहत भरी खबर है। उन्हें सकुशल छुड़ा लिया गया है और उनके भारत लौटने की व्यवस्था की जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि सऊदी अरब में बंधक बनाए गए 29 भारतीय कामगारों को छुड़ा लिया गया है। उन्होंने कल रात ट्वीट कर कहा कि ये सभी मजदूर तेलांगाना के हैं। सरकार उनके भारत लौटने की व्यवस्था कर रही है।
विदेश मंत्री ने कहा कि हमने 29 भारतीय कामगारों को छुड़ा लिया है। हम उनके हवाई टिकट का भी भुगतान कर रहे हैं।
काबिलेगौर है कि कुछ दिन पहले ही अप्रवासी भारतीय मामलों और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री केटी रामाराव ने इन कामगारों की मदद के लिए विदेश मंत्री से गुहार लगाते हुए कहा था कि राज्य के 29 प्रवासी श्रमिकों को सऊदी अरब में एक कंपनी द्वारा कथित रूप से बंधक बना लिया गया है। बताते चलें कि केटी रामाराव तेलंगाना के ही रहने वाले हैं।
उन्होंने सुषमा स्वराज को लिखे पत्र में कहा था कि कामगारों को बिना भोजन और बुनियादी सुविधाओं के अल-हस्सा प्रांत में कैद में रखा गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि कंपनी मजदूरों को छोड़ने के लिए हर कर्मचारी से 50 हजार अमेरिकी डॉलर की मांग कर रही है।
Javed – Plz help the Indian workers and send a report to me and Mr. K T Rama Rao. https://t.co/wl5PJdJef7
— Sushma Swaraj (@SushmaSwaraj) 21 March 2017
रामाराव की ओर से मदद की गुहार के बाद विदेश मंत्री ने 21 मार्च को सऊदी अरब में भारतीय राजदूत अहमद जावेद से इस मामले में कार्रवाई कर सभी भारतीयों को छुड़ाने का निर्देश दिया था।