शिकागो : अमेरिका के शिकागो शहर में खौफ का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि महज सात घंटे में 40 लोगों पर गोली चलाई जा चुकी है। इन हिंसक वारदातों में अबतक पांच लोगों की मौत भी हो गई है। शिकागो पुलिस का कहना है कि इस साल के शुरुआत में शहर में हिंसक घटनाओं में कमी आई थी, लेकिन पिछले एक सप्ताह में एकाएक ऐसी हिंसक वारदातें हुई हैं जिनमें लोगों के जानमाल का नुकसान हुआ है। बतादें कि इस बार नस्लभेदी हिंसा के कारण यह शहर सुर्खियों में रहा है। नस्लभेदी हिंसा में इस साल यहांं अबतक 271 लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें हजारों घायल हैं।
शिकागो पुलिस विभाग पेट्रोल डिवीजन के चीफ फ्रेड वालर ने बताया कि पिछली हिंसक घटनाओं में कुछ घटनाएं ऐसी थीं जिन्हें प्रायोजित माना जा रहा है और इसे गैंगवार से जोड़ कर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इनमें से कई ऐसी घटनाएं भी थीं जिन्हें अचानक ही अंजाम दे दिया गया था। हालांकि पुलिस तेजी से छानबीन कर रही है और जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा।
चीफ फ्रेड ने बताया कि यह वारदात दरअसल गैंगवाॅॅर से जुड़ा है। स्थानीय मीडिया का इस विषय पर कहना है कि अधिकतर घटनाएं शहर के पश्चिमी क्षेत्र में हुई हैं जहां हिंसा की अलग-अलग वारदातों में अबतक 25 से ज्यादा लोगों को गोली मारी जा चुकी है। इनमें से कइयों को गंभीर हालत में अस्पताल भी भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शहर में गैंग गतिविधि को रोकने के लिए पुलिस कानून से जुड़ी तमाम संस्थानों के साथ काम कर रही है और जल्द ही इस पर काबू पा लिया जाएगा। जानकारी हो कि शिकागो की आबादी करीब 20.7 लाख है और यह अमेरिका का तीसरा सबसे बड़ा शहर है।