बेंगलुरू। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को राष्ट्रीय शिविर के लिए 33 जूनियर संभावित महिला हॉकी खिलाड़ियों की घोषणा की जिन्हें हाई परफार्मेंस निदेशक डेविड जॉन के मार्गदर्शन में चयन ट्रायल के बाद चुना गया है। इन खिलाड़ियों का चयन 2020 में होने वाले जूनियर महिला हॉकी विश्व कप को ध्यान में रखकर किया गया है। ताकि इनको इस बड़े टूर्नामेंट में भेजने से पहले तैयार किया जा सके।
हॉकी इंडिया ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि संभावित महिला खिलाड़ियों को भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के कोच बलजीत सिंह सैनी ट्रेनिंग देंगे। पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी सैनी 1996 अटलांटा ओलंपिक और 2000 सिडनी ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
सैनी ने इससे पहले 2016 में जूनियर महिला टीम के साथ भी काम किया है। उनके मार्गदर्शन में अंडर 18 महिला टीम ने दिसंबर में एशिया कप में कांस्य जीता था। हॉकी इंडिया राष्ट्रीय महिला चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 24 मई को 38 खिलाड़ियों को चुना गया था जिन्हें बेंगलुरू स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के सेंटर में जून के पहले सप्ताह में चयन ट्रायल के लिए बुलाया गया था।