भुवनेश्वर : चक्रवाती तूफान तितिली ओड़िशा पहुंचने वाला है। इसकी सम्भावना को देखते हुए यहां के कई इलाकों में रेड अलर्ड जारी कर दिया गया है। खासकर पुरी, गजपति, केन्द्रापड़ा, जगतसिंहपुर जिला में हाई अलर्ट जारी किया गया है। निगरानी के लिए सरकारी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। सरकार की तरफ से सभी अधिकारियों को हेडक्वार्टर में रहने का निर्देश दिया गया है।
यहां राहत बचाव के लिए 300 नाव को तैयार रखा गया है। विभिन्न जिलाधीशों को नावें दी जा चुकीं हैं और नाविकों को भी कई तरह के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार रात 8 से 8:30 बजे से रेड अलर्ट जारी किए गए जिलों में भारी बारिश शुरू हो जाएगी। जिससे नदियों में बाढ़ भी आ सकती है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की हिदायत दी है। 10 एवं 11 अक्टूबर को राज्य में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 10 अक्टूबर की रात को 100 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से भी हवा चल सकती है।
दरअसल बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे चक्रवात का रूप धारण करने लगा है, जिसका नाम तितिली दिया गया है। मौसम विभाग ने पहले तटीय क्षेत्र में 50 से 60 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बहने की संभावना जताई थी लेकिन आज सुबह 80 से 90 किमी. की रफ्तार से हवा चलने के साथ भारी बारिश की सम्भावना जतायी गई है।
बता दें कि यह चक्रवात मंगलवार सुबह के समय 12 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से गोपालपुर बंदरगाह की तरफ बढ़ रहा था, जो कि सुबह तक गोपालपुर बंदरगाह से 560 किमी. दूरी पर था। चक्रवाती तूफान की सम्भावना को देखते हुए राज्य सरकार की तरफ से भी तैयारी शुरू कर दी गई है। सभी जिलाधीशों को जरूरत के हिसाब से तैयार रहने को निर्देश जारी किया गया है। सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है।