Pooja Sharma case: दिल्ली की वह लड़की, जिसे हजारों लोग फरिश्ता कहकर सम्मान देते थे, आज खुद एक सनसनीखेज़ मर्डर केस में फंसी नज़र आ रही है। लावारिस शवों को कंधा देकर अंतिम संस्कार करने वाली पूजा शर्मा, जो रोज किसी न किसी अनजान व्यक्ति की आख़िरी यात्रा में शामिल होती थी, अब उसी समाज के शक के घेरे में खड़ी है जिसकी सेवा वह पिछले कई सालों से करती आई है। एक तरफ उसका मानवता से जुड़ा मिशन और दूसरी तरफ हत्या के गंभीर आरोप पूजा का पूरा जीवन मानो एक झटके में बदल गया है।
कौन है पूजा शर्मा? (Pooja Sharma case)
आईए पहले जानते हैं कि ये पूजा शर्मा आखिर है कौन? पूजा शर्मा दिल्ली की एक जानी-मानी समाजसेविका हैं। उनकी कहानी 2022 से शुरू होती है, जब घर पर लगातार दो बड़े सदमे आए पहले मां की मौत और फिर बड़े भाई की हत्या। भाई के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान पूजा को एहसास हुआ कि कितने लोग ऐसे होते हैं जिनका अंतिम संस्कार करने वाला कोई नहीं होता। इसी ने उनके भीतर बदलाव पैदा किया।
उन्होंने फैसला किया कि वे ऐसे लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करेंगी, जिन्हें कोई अपनाने वाला नहीं बचता। अब तक पूजा 6,000 से ज्यादा शवों को सम्मानपूर्वक विदाई दे चुकी हैं। उन्होंने धर्म, जाति, किसी भी आधार पर फर्क नहीं किया। जिस धर्म का मृतक होता, उसी रीति से उसकी विदाई करतीं।
इसी काम को संगठित करने के लिए उन्होंने Bright the Soul Foundation नाम का एनजीओ बनाया और नौकरी तक छोड़ दी। अस्पतालों और पुलिस मॉर्चुरी से सूचना मिलने पर वे खुद गाड़ी, लकड़ी और पूरे संस्कार का इंतज़ाम करती थीं। धीरे-धीरे लोग भी उनके अभियान से जुड़ते चले गए। पूजा एक उम्मीद बन चुकी थीं। लेकिन इसी बीच एक घटना ने उनकी पूरी छवि उलट कर रख दी।
8 नवंबर की रात, सन्नी मेहरा की हत्या और पूजा का नाम
अब आईए जानते हैं कि उनपर आरोप क्या है, नंद नगरी इलाके में 8 नवंबर की रात एक ऐसा मर्डर हुआ जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। मारे गए युवक का नाम था सन्नी मेहरा। पुलिस की शुरुआती जांच में जो सामने आया, उसने लोगों को चौंका दिया। आरोप है कि पूजा और उसका भाई रवि शर्मा, दोनों को शक था कि सन्नी, 2022 में उनके भाई छटंकी की हत्या में शामिल था। इस संदेह ने इस मामले को खूनी मोड़ दे दिया।
पुलिस के अनुसार क्या हुआ था?
जांच के मुताबिक, रवि ने सनी को ई-रिक्शा से उतारकर एक पार्क में ले गया। उसने उसे केबल वायर से लोहे की बेंच से बांध दिया और लगभग 30 मिनट तक डंडे से पीटा। इसी दौरान पूजा भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक, पूजा रवि को उकसाती हुई दिखाई दे रही है। इसके बाद रवि वहां से चला गया और लगभग 20 मिनट बाद पिस्तौल लेकर लौटा। उसने बंधे हुए सनी के सीने और कनपटी में गोली मार दी। सनी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
पार्क के आसपास लगे कैमरों में जो दिखा, उसने केस को पूरी तरह पलट दिया। फुटेज में पूजा और एक अन्य आरोपी साफ दिखाई देते हैं। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, मुख्य आरोपी रवि शर्मा अभी तक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
क्या वास्तव में पूजा दोषी है?
यही वह सवाल है जिसने पूरी दिल्ली को उलझा दिया है। जिस लड़की को लोग मानवता का चेहरा मानते थे, वही आज हत्या में शामिल दिखाई दे रही है। क्या पूजा सच में घटना की हिस्सा थी? या वह सिर्फ भावनाओं में बहकर गलत समय पर गलत जगह मौजूद थी? फिलहाल, पुलिस जांच कर रही है और कई बातों का खुलासा होना अभी बाकी है।
इलाके में दहशत, समाज में सवाल
सन्नी मेहरा मर्डर केस एक साधारण झगड़ा नहीं बल्कि शक और बदले की भावना से जुड़ा जघन्य अपराध है। घटना के बाद से इलाके में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि पूजा जैसी लड़की का इस तरह के मामले में नाम आना चौंकाने वाला है।
और पढ़ें: Nithari Kand: 16 खोपड़ियां, 13 मुकदमे और 19 साल बाद कोली की रिहाई— निठारी कांड का सबसे बड़ा ट्विस्ट
