लिस्बन। पुर्तगाल के मध्यवर्ती भाग के जंगल में लगी आग की चपेट में 25 लोगों की मौत हो गई है। जबकि इस आग से करीब 20 लोगों के झुलसने की खबर आई है। इस मामले में एक अधिकारी ने बताया कि आग कल लिस्बन से 200 किलोमीटर दक्षिणपूर्व पेड्रोगाओ ग्रांडे क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में लगी जिसने तेज हवाओं के चलते विकराल रूप धारण कर लिया।
वहीं मरने वालों में ज्यादातर वो लोग शामिल थे जो इस क्षेत्र में सड़क मार्ग के द्वारा अपने वाहन से कही जा रहे थे आग बहुत ही तेजी से फैली जिसकी वजह से कई लोग इस भीषण आग की चपेट में आ गए। जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए।
लिस्बन के निकट सीविल प्रोटेक्शन मुख्यालय में प्रधानमंत्री एंतोनियो कोस्टा ने कहा, जो हम लोग देख रहे हैं, वह बड़ी घटना है। अभी तक करीब 25 लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है। यह आंकड़ा अभी और भी बढ़ सकता है। उन्होंने कहा, अभी पहली प्राथमिकता आग पर काबू पाने की है। इसके बाद ही हम समझ पाएंगे कि हुआ क्या था।
आपको बता दें कि ऐसा माना जा रहा है कि दशकों बाद पुर्तगाल के जंगलों में ऐसी भीषण आग लगी है। वहीं पुर्तगाल के गृह सचिव जार्ज गोम्स ने बताया है कि राष्ट्रपति मारसेलो रेबेलो डे सौसा घटनास्थल का जायजा लेने निकल गए हैं। इससे पहले उन्होंने कहा 19 लोगों के मरने की पुष्टि की थी। सभी पुर्तगाली नागरिक हैं। घटना में छह दमकल कर्मचारी समेत 20 लोग घायल हो गए हैं और दो लोग अभी भी लापता हैं।