ग्रेनो वेस्ट स्थित शाहबेरी गांव में दो बिल्डिंगों की गिरने की घटना में एनडीआरएफ, पुलिस, फायरबिग्रेड और अन्य संगठनों की मदद से एक और शव बाहर निकला गया है। जिसके बाद मरने की वालों की संख्या 9 हो गई है। इस हादसे में पुलिस ने अभी तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने 18 अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और आईपीसी की अन्य धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। इस हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की मदद देने के भी आदेश दियें हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित शाहबेरी गांव में मंगलवार रात एक भयानक हादसे की खबर मिली थी। शाहबेरी गांव में रात में 6 और 7 मंजिल की दो बिल्डिंग गिर गई थी।वहीं मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। वे पुलिस और फायर बिग्रेड की मदद से बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
घटनास्थल पर केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा भी पहुंच गए हैं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। एनडीआरएफ की टीम के अलावा घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौजूद हैं। इसके अलावा घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए मौके पर 12 एंबुलेंस भी मौजूद हैं।
मुख्य दमकल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र के गांव शाहबेरी में मंगलवार रात निर्माणाधीन छह मंजिला इमारत गिर गई। इस इमारत में दर्जनभर मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आशंका जताई कि अभी भी मलबे में कई मजदूर दबे हो सकते हैं। जेसीबी से अभी मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है।
दूसरी तरफ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना की जानकारी ली है। इस दौरान उन्होंने डीएम से बात करके बचाव कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने डीएम को निर्देश देते हुए कहा कि एनडीआरएफ और पुलिस की मदद से घायलों की हर तरह से मदद की जाए।