मुंबई : मुंबई के परेल स्थित क्रिस्टल टावर में बुधवार को भीषण आग लग गयी। जिसमें 4 लोग की दम घुटने से मौत हो गयी। तो वहीं 16 लोग घायल हो गये। वहीं चौथी बिल्डिंग में लगी आग में कई लोग फंसे थे जिन्हें क्रेन से निकाला गया। बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह शार्ट सर्किट है।
इस अग्नि कांड के बाद एक ऐसी लड़की का जिक्र करना बेहद जरूरी हो जाता है जिसने अपनी सूझ -बूझ से कई लोगों की जान बचा पायी। जी हां हम बात कर रहे हैं 10 साल की जेन सदावर्ते की। जिन्होंने अपनी समझदारी से कई लोगों की जिंदगी बचायी। दरअसल, इमारत में आग लगने की वजह से कई लोगों की जान जा सकती थी लेकिन जेन सदावर्ते ने मरने वालों के आंकड़े को बढ़ने नहीं दिया।
बताया जा रहा है कि 10 साल की जेन सदावर्ते सीढ़ियों में फंसे लोगों की मदद कर रही थीं। जेन ने इस बारे में बताया कि तीसरी कक्षा में पढ़ाई के दौरान उन्हें फायर सेफ्टी टिप्स के बारे में बताया गया था। इन टिप्स का ही उसने इस्तेमाल किया। उन्हें बताये गये टिप्स को ध्यान में रखते हुए लोगों से गीली रूमाल मुंह पर रखकर सांस लेने को कहा। ऐसा करने से लोगों का दम नहीं घुटा और वे बच गये।
जेन ने बताया कि आग उस वक्त लगी जब वो सो रही थी। आग की वजह से पूरी बिल्डिंग में धुआं उठने लगा। जिसके बाद उसकी मां ने उसे जगाया। वहीं आग लगने की वजह से लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ सीढ़ियों पर तो कुछ अपने फ्लैट की गैलरी में आ गये। इसके बाद जेन ने सबको गीली रूमाल अपने मुंह पर रखकर सांस लेने को कहा। इससे कई लोग धुएं से खुद पर नियंत्रण पा सके और क्रेन के जरिए इमारत के बाहर निकाल पाये। इस टिप्स से कई लोगों की जान बच सकी।
आपको बता दें कि इस आग में दो की दम घुटने से और दो की आग में झुलसने से मौत हो गयी। वहीं सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। केईएम अस्पताल ने बताया कि इमारत के 20 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें 4 की मौत हो गयी। मरने वालों में 1 बुजुर्ग महिला और 3 पुरुष शामिल हैं।