चित्रकूट : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी चित्रकूट के कामतानाथ मंदिर पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने भगवान के दर्शन किए और विंध्य में संकल्प यात्रा की शुरुआत की। उनके पहुंचते ही कामतानाथ मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिहाज से आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया। यहां पर भगवान कामतानाथ के दर्शन करने के बाद राहुल परिक्रमा पथ पर एक नुक्कड़ सभा करेंगे। राहुल गांधी के आगमन को लेकर एसपीजी समेत जिला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किया है।
यहां रजौला में आयोजित सभा को संबोधित करने के बाद वह हेलिकॉप्टर से हवाई पट्टी सतना जाएंगे। यहां आराम कर बीटीआई मैदान जाकर सभा को संबोधित करेंगे। यहां विशेष बस पर सवार होकर सड़क मार्ग से रीवा रवाना होंगे। यहां 5 बजे रीवा रोड शो में हिस्सा लेंगे।बताया जा रहा है कि राहुल की सुरक्षा के लिए पुलिस मुख्यालय से 13 आईपीएस अधिकारी, 18 एएसपी, 30 डीएसपी के साथ एसएएफ की 4 कंपनियां, एसटीएफ जबलपुर की एक कंपनी और डीजी रिजर्व के 6 सौ जवान तैनात किए गए हैं।
यहां पुलिस मुख्यालय से हरी झंडी मिलने के बाद पुलिस बल सतना पहुंच चुकी है। इसके अलावा रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, छिंदवाड़ा क्षेत्र में सुरक्षा बल, होमगार्ड, यातायात और ममेला पुलिस बल भी ड्यूटी पर रहेंगे। कुल मिलाकर राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था में करीब 1500 अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
बता दें कि राहुल दो साल पहले 17 सितंबर 2016 को चित्रकूट आए थे और पीएम बनने का आशीर्वाद उन्हें महंत रामस्वरूपाचार्य से मिला था। मुलाकात के दौरान, कामतानाथ मंदिर के संत राजीव लोचन ने राहुल को इंदिरा गांधी की चिट्ठियां दिखाते हुए बताया था कि इंदिरा और राजीव गांधी की भगवान कामतानाथ में कितनी आस्था थी। राहुल के चित्रकूट दौरे पर विधायक नीलांशु चतुर्वेदी ने कहा हैं कि यह एक संयोग ही है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस का जीत अभियान यहां से शुरू हो रहा है।