Salim Durani Wife News: एयरलाइन की मालकिन से बेघर तक का सफर! मुंबई में मिली महिला का दावा—मैं सलीम दुर्रानी की पत्नी हूं

Salim Durani Wife News
Source: Google

Salim Durani Wife News: मुंबई के बाहर बेलापुर मेट्रो स्टेशन पर हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। स्टेशन के बाहर भीख मांग रही एक बुजुर्ग महिला पर एक शख्स की नजर पड़ी। शुरुआत में यह एक आम दृश्य लगा, लेकिन जैसे ही उस शख्स ने महिला से बात की, कहानी ने बिल्कुल अलग मोड़ ले लिया। महिला न सिर्फ आत्मविश्वास से बात कर रही थी, बल्कि उसकी अंग्रेजी भी बेहद शानदार थी।

और पढ़ें: Smriti-Palash wedding controversy: स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी पर फिर मचा हंगामा! नई तारीख वायरल, फैमिली ने तोड़ी चुप्पी

भीख मांगने वाली महिला और फर्राटेदार अंग्रेजी (Salim Durani Wife News)

महिला के तौर-तरीके और बातचीत के अंदाज से शख्स को कुछ अजीब लगा। उसने तुरंत पुलिस और एक सामाजिक संस्था से संपर्क किया। जब महिला से उसका परिचय पूछा गया, तो उसने ऐसा दावा किया कि सुनने वाले भी चौंक गए। बुजुर्ग महिला ने कहा कि उसका नाम रेखा श्रीवास्तव है और वह भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी की पत्नी रह चुकी है।

खुद को बताया सलीम दुर्रानी की पत्नी

महिला ने बताया कि उसने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा मुंबई में बिताया है और कुछ समय दुबई में भी रही है। पुलिस और संस्था के लोगों ने जब उससे और सवाल किए तो उसने कहा कि उसकी शादी सलीम दुर्रानी से हुई थी, जिनका करीब दो साल पहले निधन हो चुका है। बाद में महिला को एक आश्रयगृह में ले जाया गया, जहां उसने दोबारा यही बात दोहराई।

‘पति के साथ पूरे देश में घूमी’

रेखा श्रीवास्तव का दावा है कि सलीम दुर्रानी जब भी क्रिकेट खेलने देश के अलग-अलग हिस्सों में जाते थे, वह उनके साथ रहती थीं। महिला ने कहा, “मेरे पति कभी अकेले यात्रा नहीं करते थे।” उसने यह भी दावा किया कि उसकी मुलाकात कई बड़े लोगों से हुई है, जिनमें मंत्री और महाराजा शामिल थे। जब उससे पूछा गया कि किन महाराजाओं से मिली थीं, तो उसने गुजरात के एक महाराजा का नाम लिया।

दुबई की आलीशान जिंदगी से सड़कों तक

महिला ने अपनी जिंदगी की कहानी सुनाते हुए कहा कि एक समय वह विदेश में बेहद आरामदायक और लग्जरी जीवन जी रही थी। उसका दावा है कि वह दुबई में रहती थी और अपनी खुद की एक एयरलाइन कंपनी चलाती थी। लेकिन फिर जिंदगी में ऐसा मोड़ आया, जिसने सब कुछ बदल दिया। महिला के अनुसार, एक दुखद घटना के बाद वह आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट गई और धीरे-धीरे बेघर हो गई।

परिवार और रिकॉर्ड से नहीं हुई पुष्टि

हालांकि इस पूरे मामले में अब तक सलीम दुर्रानी के परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जामनगर में रहने वाले उनके परिजनों ने भी इस दावे की पुष्टि नहीं की है। साथ ही, उपलब्ध क्रिकेट रिकॉर्ड में भी रेखा श्रीवास्तव नाम की पत्नी का स्पष्ट उल्लेख नहीं मिलता, जिससे कहानी और रहस्यमयी हो गई है।

कौन थे सलीम दुर्रानी

आपको बता दें, सलीम दुर्रानी का जन्म दिसंबर 1934 में काबुल में हुआ था। भारत-पाक विभाजन के बाद उनका परिवार गुजरात के जामनगर में आकर बस गया। दुर्रानी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे और 1960 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया। वे अर्जुन पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बने। 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज जीत में उनकी अहम भूमिका रही। मैदान के बाहर भी उनका व्यक्तित्व इतना आकर्षक था कि उन्होंने कुछ समय फिल्मों में भी काम किया।

2023 में हुआ था निधन

अप्रैल 2023 में सलीम दुर्रानी का निधन हो गया था। उस समय वे जामनगर में अपने भाई के साथ रह रहे थे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह जरूर बताया गया है कि उनका विवाह कुछ समय के लिए रेखा श्रीवास्तव नाम की महिला से हुआ था, लेकिन यह वही महिला हैं या नहीं, इसका अब तक कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आया है।

फिलहाल, बेलापुर मेट्रो स्टेशन पर मिली इस बुजुर्ग महिला की कहानी सवालों से भरी है और सच क्या है, इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आ पाएगा।

और पढ़ें: IND vs SA: मैदान में घुसकर कोहली को छूने वाला फैन गिरफ्तार! क्रिकेट में सिक्योरिटी ब्रीच की क्या पेनल्टी है?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here