विसकॉन्सिन। जेजमिन फ्लॉइड एक दुर्लभ बीमारी से ग्रसित हैं। उनकी मांसपेशियों में हड्डियों जैसी संरचना बन रही है। वे ‘पत्थर’ जैसी जड़ होती जा रही हैं। जेजमिन परिवार के साथ अमेरिका के कनेक्टिकट में रहती हैं। उनकी उम्र 23 साल है। बीमारी की वजह से जेजमिन चल भी नहीं पाती हैं। उनकी हड्डियों के जोड़ के ऊपर भी हड्डियां उग आई हैं। वे एक सेंटीमीटर से ज्यादा मुंह नहीं खोल पाती हैं।
जेजमिन को है ये दुर्लभ बीमारी
जेजमिन को फिबरोडिस्प्लासिया ओसिफिकन्स प्रोग्रेसिविया नाम की बीमारी है। इस बीमारी में इंसान की मांसपेशियां, नसें और हड्डियों सख्त हो जाती हैं। शरीर के अंदर एक दूसरी कंकालुमान संरचना बनने लगती है। जेजमिन 5 साल की उम्र से इस दुर्लभ बीमारी से ग्रसित है। अब उन्हें बोलने और खाने में भी दिक्कत होने लगी है। वे अपने हाथ को सिर से ऊपर तक भी नहीं उठा पाती हैं। इस दुर्लभ बीमारी के दुनिया भर में आजतक केवल 800 लोग ही शिकार हुए हैं।
ब्लॉग में लिखा दर्द
जेजमिन ने एक ब्लॉग पेज शुरू किया है। इसमे लिखा है, ‘मैं बीमारी के डर को अपने ऊपर हावी नहीं होने देना चाहती, लेकिन यह मुश्किल चुनौती है। मैं नहीं जानती अगले पल क्या होने वाला है।’ वे आने वाली हर परिस्थितियों के लिए खुद को पहले से तैयार करना चाहती हैं। जेजमिन की तमन्ना कई जगह घूमने की हैं। वे पूरी तरह से जड़ होने से पहले नई-नई जगहें देखना चाहती हैं।